15 अगस्त 2018। आम आदमी पार्टी के लिए एक बड़ा झटका है। वरीष्ठ पत्रकार आशुतोष ने आम आदमी पार्टी को बाय-बाय कर दिया है। माना जा रहा है कि 15 अगस्त के बाद आशुतोष पूरी तरह से पार्टी से नाता तोड़ लेंगे। हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की गयी है, लेकिन जल्द ही आशुतोष इसका औपचारिक ऐलान करेंगे। चर्चा ये है कि आशुतोष जल्द ही पत्रकारिता में लौट सकते हैं। हालांकि इसका आखिरी फैसला आशुतोष ही करेंगे, कि वो किसी संस्थान के साथ जायेंगे या फिर खुद पत्रकारिता में अपनी धमक बनायेंगे। अमर उजाला की खबरों के मुताबिक आशुतोष ने पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को कुछ महीने पहले ही अपना इस्तीफा सौंप दिया था, लेकिन इसे अभी तक मंजूर नहीं किया गया है। उन्होंने अपने इस्तीफे में पार्टी छोड़ने की वजह निजी बताई है। आशुतोष के करीबी आप के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ बनी पार्टी में जिस मकसद से वह आए थे, उससे उन्हें पार्टी में भटकाव महसूस हो रहा है। लिहाजा वह आप ही नहीं, राजनीति से भी संन्यास ले रहे हैं। आशुतोष के पत्रकारिता में दोबारा सक्रिय होने की संभावना है।
::/introtext::::fulltext::
आम चुनाव से महज आठ महीने पहले आशुतोष जैसे कद्दावर नेता का पार्टी से जाना आप के लिए बड़ा झटका है। 2014 के चुनाव के दौरान मोदी लहर में वह चांदनी चौक से तीन लाख से अधिक वोट पाकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री डा. हर्षवर्धन से एक लाख वोटों से हार गए थे। फिर भी वह कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल से सवा लाख वोटों से आगे रहे।
