अहमदाबाद : एक तरफ बीजेपी लगातार अपने लक्ष्य को ऊंचा करते हुए चुनावों में बड़ी जीत का दावा कर रही है, वहीं अपने अस्तित्व से जूझ रही कांग्रेस में अंदरूनी बगावत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है. कांग्रेस को सबसे बड़ी चुनौती गुजरात में मिल रही है. यहां हाल ही में पार्टी के वरिष्ठ नेता ने कांग्रेस का दामन छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे. अब उनके बाद एक और वरिष्ठ नेता ने बगावत शुरू कर दी है. पार्टी में बवाल को देखते हुए खुद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 16-17 जुलाई को गुजरात का दौरा करने जा रहे हैं.
::/introtext::::fulltext::
बता दें कि 3 जुलाई को गुजरात में कोली समाज के बड़े नेता तथा विधायक कुंवरजी बावलिया ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थाम लिया था. सत्तारूढ़ बीजेपी ने उन्हें तुरंत मंत्री भी बना दिया था. कुंवरजी बावलिया राजकोट जिले की जसदन विधानसभा सीट से विधायक हैं. वह कांग्रेस के टिकट पर राजकोट सीट से दो बार लोकसभा सदस्य भी रह चुके हैं. कांग्रेस इस झटके से उबर भी नहीं पाई कि पार्टी के एक अन्य कद्दावर नेता और विधायक विक्रम माडम ने भी पार्टी छोड़ने के संकेत दिए हैं.
सोशल मीडिया पर उनका एक ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पार्टी के एक कार्यकर्ता से बातचीत में कांग्रेस छोड़ने की बात कह रहे हैं. इस क्लिप में वह कह रहे हैं कि वह खुद पार्टी नहीं छोड़ेंगे, बल्कि पार्टी में रहते हुए ऐसे काम करेंगे और ऐसे मुद्दे उठाएंगे कि प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा खुद ही उन्हें पार्टी से निकाल दें.
खंभालिया के विधायक विक्रम माडम ने इस ऑडियो क्लिप में खुद की आवाज होना स्वीकार किया है. उन्होंने साफ कहा कि वे कुछ मुद्दों को लेकर वह पार्टी नेताओं से नाराज हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वह बीजेपी का दामन नहीं थामेंगे.
पीएम मोदी के वार पर सिब्बल का पलटवार-BJP को 'लिंच पुजारी' बताया
विक्रम माडम जामनगर से 2004 और 2009 में कांग्रेस के दो बार सांसद भी रह चुके हैं. वह खंभालिया से 2002 और वर्तमान में विधायक चुने गए हैं. उन्होंने कहा, 'मैं कांग्रेस छोड़ सकता हूं, यहां तक कि राजनीति भी छोड़ सकता हूं, लेकिन बीजेपी ज्वाइन नहीं करूंगा.' विक्रम माडम ने कहा, 'मैंने पार्टी के भीतर कुछ मुद्दे उठाए हैं और इन मुद्दों को पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के समक्ष भी रखूंगा. 16-17 जुलाई को राहुल गांधी जब यहां आएंगे, मैं उनसे मुलाकात कर अपनी सभी बातें रखूंगा.'
बता दें कि विक्रम माडम राज्य में अहिर समुदाय का प्रतिनिधत्व करते हैं और इस समुदाय में उनकी खासी पकड़ है. साथ ही वह बीजेपी सांसद पूनम माडम के चाचा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं का सम्मान नहीं है. विधायक कुंवरजी बावलिया के पार्टी छोड़ने को उन्होंने बड़ी क्षति बताया.
राहुल गांधी करेंगे हस्तक्षेप
गुजरात कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी खुद हस्तक्षेप करेंगे. राहुल 16-17 जुलाई को राज्य का दौरा करेंगे और पार्टी नेता तथा कार्यकर्ताओं से बात करेंगे. यहां राहुल गांधी सौराष्ट्र के भावनगर और अमरेली में दो जनसभाएं भी करेंगे.
उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने कहा कि पार्टी में किसी तरह का कोई विरोध नहीं है. उन्होंने कहा कि पार्टी हर मुद्दे की समीक्षा कर रही है. उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों के लिए भी समीक्षा की जा रही है और सभी की सहमति से ही उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा.
पार्टी के नाराज नेताओं के सवाल पर चावड़ा ने कहा कि यह सही बात है कि कुछ नेता नाराज चल रहे है और कुछ नेताओं ने अन्य दलों का दामन थाम लिया है. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नेताओं की नाराजगी दूर करने के लिए सभी से बातचीत की जा रही है. जो लोग पार्टी छोड़कर गए हैं उनसे भी बात की जा रही है.
::/fulltext::