रायपुर। कांग्रेस के आईटी सेल का अध्यक्ष सोमवार को बदल दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने राजेंद्र सिंह परिहार को आईटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाया, तो नेता-प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने परिहार को अपना प्रतिनिधि बना लिया। इस कारण आईटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष के बदले जाने को लेकर पार्टी के भीतर चर्चा शुरू हो गई। बघेल ने आईटी सेल की कमान जयवर्धन बिस्सा को सौंपी है।
::/introtext::::fulltext::
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बीच समर्थकों को लेकर टकराव की स्थिति पहले भी बनती रही है। इस बार आईटी का प्रदेश अध्यक्ष का पद कारण बना है, जबकि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी को सोशल मीडिया में मजबूत और आक्रामक बनाने में लगे हैं। अलग से सोशल मीडिया सेल का गठन किया गया है।
पार्टी के नेताओं का कहना है कि गुजरात में कांग्रेस सोशल मीडिया में ही कैम्पेन चलाकर भाजपा का पसीना निकाल दिया था। राष्ट्रीय नेतृत्व चाहता है कि छत्तीसगढ़ में भी गुजरात की तरह सोशल मीडिया पर कैम्पेन चले। इस कारण पिछले माह यहां विशेषज्ञों ने गुजरात में चले कैम्पेन की जानकारी दी थी।
पीसीसी अध्यक्ष के समर्थकों का कहना है कि परिहार के नेतृत्व में आईटी सेल ने ट्रेनिंग के बाद खास काम नहीं किया, जबकि पार्टी के कुछ नेता बता रहे हैं कि सोशल मीडिया का काम पहले बघेल के करीबी विनोद वर्मा देखते थे, उनके और परिहार के बीच टकराव की स्थिति थी। इस कारण परिहार को हटाया गया।
सोशल मीडिया के नए प्रदेश अध्यक्ष जयवर्धन बिस्सा पार्षद चुनाव हारे हुए हैं और प्रदेश प्रवक्ता राजेश बिस्सा के रिश्तेदार हैं। पार्टी के नेताओं का यह भी कहना है कि जयवर्धन की नियुक्ति संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी की पसंद पर की गई है।
डेढ़ घंटे बाद सिंहदेव ने दी जिम्मेदारी
परिहार को नेता-प्रतिपक्ष सिंहदेव का करीबी माना जाता है। इस कारण आईटी सेल से हटाए जाने के डेढ़ घंटे बाद ही सिंहदेव ने परिहार को अपने मीडिया समन्वयक, सोशल मीडिया व जनसंपर्क की जिम्मेदारी दे दी।
::/fulltext::