‘फर्जी’ वोटर : बीजेपी ने की कर्नाटक विधानसभा चुनाव रद्द करने की मांग.....
::/introtext::::fulltext::
कर्नाटक के राज राजेश्वरी विधानसभा क्षेत्र में एक फ्लैट से 10 हजार ‘‘ फर्जी ’’ मतदाता पहचान पत्र मिलने के बाद एक बड़ा विवाद शुरू हो गया है. इसके चलते बीजेपी ने चुनाव रद्द करने की मांग करते हुए दावा किया कि इस रैकेट के पीछे कांग्रेस है , जबकि राज्य की रूलिंग कांग्रेस पार्टी ने इस आरोप को ‘ झूठ ’ बताते हुए खारिज कर दिया.
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के केवल तीन दिन बचे हैं. चुनाव में दो बड़े विरोधी दलों कांग्रेस और बीजेपी ने एक-दूसरे पर वार करते हुए जिस महिला के फ्लैट से ये फर्जी मतदाता पहचान पत्र मिले हैं, उसे अपने विरोधी पार्टी का होने का दावा किया है.
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि कांग्रेस उम्मीदवार और मौजूदा विधायक मुनिरत्न नायडू इस कथित रैकेट के पीछे हैं और इसका पर्दाफाश बीजेपी कार्यकर्ता राकेश ने किया है.
उधर , कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि फ्लैट की मालिक मंजुला नन्जमारी और राकेश का संबंध बीजेपी से है. दोनों ने बीजेपी के टिकट पर बेंगलुरू नगर निकाय का चुनाव लड़ा था.
कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार ने मंगलवार को रात में संवाददाता सम्मेलन बुलाकर बताया कि कार्ड के अलावा , फार्म 6 ए (विदेशी मतदाता द्वारा मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए आवेदन) तथा दूसरे ज़रूरी दस्तावेज मिले हैं.
जावड़ेकर ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा रैकेट की जानकारी दिए जाने के बाद पुलिस ने मंगलवार को होलोग्राम के साथ हजारों की संख्या में फर्जी मतदाता पहचान पत्र , लेमिनेशन मशीन और कंप्यूटर जब्त किए. उन्होंने पूरे मामले की बड़े स्तर पर फोरेंसिक जांच की मांग की. उन्होंने कहा , ‘‘ यह कांग्रेस की सोच है कि अगर मतदाता आपके लिये वोट नहीं देते हैं तो फर्जी मतदाता बनाइए. ’’
जावड़ेकर ने दावा किया कि ‘ फर्जी मतदाता पहचान पत्र छापने की फैक्टरी ’ मंजुला के फ्लैट में चलाई जा रही थी. उन्होंने कहा कि मंजुला एक समय बीजेपी से जुड़ी थी किंतु अब वह कांग्रेस के साथ है. उन्होंने मंजुला को तत्काल गिरफ्तार किये जाने की मांग की.
सुरजेवाला ने कहा, ‘‘प्रकाश जावड़ेकर कर्नाटक के लोगों को यह कहकर गुमराह कर रहे हैं कि मंजुला का सम्बन्ध बीजेपी से नहीं है. वह पूर्व बीजेपी पार्षद है और राकेश भी 2015 में बीजेपी के टिकट पर निगम का चुनाव लड़ चुका है.’’ कुछ न्यूज़ चैनलों का दावा है कि राकेश, मंजुला का बेटा है जबकि अन्य का कहना है कि महिला ने उसे गोद लिया था.
कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी और कुछ समाचार पत्रों में प्रकाशित एक नोटीफिकेशन में कहा गया कि इस फ्लैट की मालकिन ‘‘मंजुला’’ नन्जमारी है और उसने फ्लैट को राकेश नाम के आदमी को किराए पर दिया है.
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आनंद शर्मा ने हालांकि बताया कि इस पूरी घटना की प्लानिंग पहले से कर ली गई थी. उन्होंने दावा किया कि मंजुला बीजेपी के साथ जुड़ी हैं और उनके बेटे राकेश ने बीजेपी के टिकट पर नगर निगम का चुनाव लड़ा था.
शर्मा ने दिल्ली में संवाददातओं से कहा , ‘‘ चुनाव आयोग को निश्चित रूप से कार्रवाई करनी चाहिए और पुलिस में मामला दर्ज होना चाहिए. ’’ बीजेपी यह सब हथकंडे अपना रही है क्योंकि हार उसे सामने दिख रही है.
::/fulltext::