जूही कई फिल्मों में आर्यन के पिता यानी शाहरुख खान की को-स्टार रह चुकी हैं. इन दोनों की जोड़ी ने कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं....
मुंबई : शाहरुख खान के साथ कई फिल्मों में काम कर चुकीं एक्ट्रेस जूही चावला ने आर्यन खान की आज जेल से रिहाई के मामले में महत्वपूर्ण रोल निभाई. उन्होंने आर्यन की जमानत ली जिन्हें अदालत ने एक लाख रुपये का बेल बांड भरने के लिए कहा था. कोर्ट के लिए यह प्रक्रिया जरूरी थी ताकि वह रिलीज के पेपर मुंबई के आर्थर रोड जेल में भेज सके जहां आर्यन ने 22 दिन गुजारे. गौरतलब है कि जूही कई फिल्मों में आर्यन के पिता यानी शाहरुख खान की को-स्टार रह चुकी हैं. इन दोनों की जोड़ी ने कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं. बाद में ये दोनों आईपीएल टीम कोलकाता नाइटराइर्डस के को-ऑनर बन गए थे. आर्यन खान और जूही चावला की बेटी जाह्ववी हाल ही मेंआईपीएल के प्लेयर्स ऑक्शन (खिलाड़ियों की नीलामी) में साथ नजर आए थे.
गौरतलब है कि क्रूज़ ड्रग्स केस में बॉम्बे हाईकोर्ट ने कल यानी गुरुवार को आर्यन खान को ज़मानत दी है. आर्यन के साथ ही इस मामले के दो अन्य आरोपियों अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा को भी कोर्ट ने जमानत दी है. जस्टिस एन डब्ल्यू साम्ब्रे की एकल पीठ ने कहा था ‘सभी तीनों अपीलें स्वीकार की जाती है.मैं कल शाम तक विस्तृत आदेश दूंगा.' आर्यन के वकीलों ने तब नगद जमानत देने की अनुमति मांगी जिसे अस्वीकार करते हुए अदालत ने कहा कि मुचलका देना होगा.
