देश में 21 जून से कोरोना टीकाकरण का नया दौर शुरू हुआ है, जिसके तहत 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को टीका लगाने की जिम्मेदारी भी केंद्र ने अपने हाथों में ले ली है......
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री ने शनिवार को देश में चल रहे कोविड वैक्सीनेशन कार्यक्रम की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के खिलाफ इस महाअभियान की तेज रफ्तार आगे भी कायम रखी जाए. वैक्सीनेशन के प्रचार-प्रसार के कार्यक्रम में गैर सरकारी संगठनों की भी मदद ली जानी चाहिए. प्रधानमंत्री कार्यालय ने शनिवार को एक बयान में कहा कि देश के 128 जिलों में 45 साल से अधिक उम्र के 50 फीसदी से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है. पीएम मोदी को समीक्षा बैठक में अधिकारियों की ओर से यह भी बताया गया कि कोविन प्लेटफॉर्म (CoWIN platform) को लेकर दुनिया भर में रुचि बढ़ रही है. पीएम मोदी ने टीकाकरण की गति पर संतुष्टि जताई लेकिन इसका दायरा बढ़ाने को लेकर गैर सरकारी संगठनों की मदद लेने का भी सुझाव दिया.
PMO ने कहा कि अधिकारियों ने देश में वैक्सीनेशन को लेकर व्यापक प्रजेंटेशन प्रधानमंत्री के समक्ष दिया. उन्हें अलग-अलग आयु वर्ग के हिसाब से टीकाकरण की जानकारी दी गई. इसमें हेल्थकेयर वर्कर्स, फ्रंटलाइन वर्कर्स ( Healthcare workers, Frontline Workers) और आम जनता के टीकाकरण की प्रगति शामिल है. अधिकारियों ने अगले कुछ महीनों में वैक्सीन की आपूर्ति और इसका उत्पादन बढ़ाने को लेकर भी जानकारी साझा की.
