हमारे घरों में सिलेंडर का बहुत अहम रोल होता है, और यदि किसी ख़ास मौके पर सिलेंडर खत्म हो जाए तो बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। रात में ही कभी खाना बनाने के बीच अगर सिलेंडर में गैस खत्म हो जाए तो उस दिन आधे पेट खाकर ही रात गुजारनी पड़ती है। जिन घरों में सिंगल गैस सिलेंडर होते हैं वहां अचानक गैस खत्म होने से होने वाली परेशानियां आम- सी हो जाती हैं। सिलेंडर को उठाकर पता लगाने की कोशिश की जाती है या गैस की लौ को देखकर अंदाज़ा लगाया जाता है कि सिलेंडर खत्म होने वाला है। लेकिन आज हम इन समस्याओं का एक आसान सा उपाय लायें हैं। इस उपाय के ज़रिए आप ये पता लगा सकते हैं कि सिलेंडर में कितनी गैस बची है और फिर उसी के अनुसार पहले से सिलेंडर बुकिंग करके रख सकते हैं।

गीले तौलिए से पता लगाएं कितनी बची है गैस
एक गीला तौलिया/कपड़ा लें और उसे सिलिंडर के चारों और लपेट दें। कुछ समय बाद जब सिलेंडर बाहर से गीला हो जाए तब उस कपड़े को हटायें। कुछ सेकंड्स के बाद आपको ध्यान से देखने पर यह पता चलेगा कि सिलेंडर का कुछ हिस्सा बहुत जल्दी सूखने लगा है। हल्के सूखे हिस्से तक की गैस खत्म हो चुकी होगी और गीले हिस्से में ही गैस बची होगी।

ऐसा इसलिए होगा क्योंकि सिलेंडर का खाली हिस्सा गर्म होता है इसलिए बाहर से भी वो सूखने लगता है। वहीं जिस हिस्से में लिक्विड गैस भरी रहती है वो हिस्सा अपेक्षाकृत कम गर्म रहता है जिसके कारण वह बाहर से गीला दिखेगा। इस तरीके से यह पता लगाया जा सकता है कि सिलेंडर के किस हिस्से तक गैस बची है।
