दिल्ली (Delhi) के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की गिरफ़्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) आज दिल्ली समेत देश भर में प्रदर्शन करेगी. प्रदर्शन दोपहर 12 बजे होगा.....
नई दिल्ली: दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने कल यानी रविवार को आबकारी घोटाले मामले में शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार कर लिया. सीबीआई ने आरोप लगाया है कि मनीष सिसोदिया ने शराब घोटाले में आपराधिक साजिश रची और उन्होंने सबूतों को मिटाने की कोशिश की. उन्हें गिरफ्तार करके सीबीआई हेडक्वार्टर में ही रखा गया है. यहीं पर डॉक्टरों की टीम बुलाकर उनका मेडिकल चेकअप भी कराया गया. मनीष सिसोदिया ने सीबीआई हेडक्वार्टर में रात गुजारी. आज सीबीआई राउज एवेन्यू कोर्ट में मनीष सिसोदिया को पेश करेगी.
आप ने गिरफ्तारी के लिए बीजेपी को ठहराया जिम्मेदार
आम आदमी पार्टी ने इस गिरफ़्तारी के पीछे बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया है. आम आदमी पार्टी ने ट्वीट कर कहा कि ये लोकतंत्र के लिए काला दिन है. बीजेपी ने लाखों बच्चों का भविष्य संवारने वाले दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शिक्षा मंत्री को फर्ज़ी केस में गिरफ्तार किया है. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्र शरीफ लोगों को फंसा रही है, उन पर कार्रवाई कर रही है, जबकि जो लोग घोटाले कर रहे हैं, उन्हें बीजेपी संरक्षण दे रही है.
आम आदमी पार्टी आज देश भर में करेंगी प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ये आम आदमी पार्टी को कुचलने की कोशिश है. इसकी स्क्रिप्ट बीजेपी मुख्यालय में लिखी गई और जांच एजेंसियां बीजेपी की ईकाई के रूप में काम कर रही हैं.दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की गिरफ़्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी आज देशभर में प्रदर्शन करेगी. आज दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पर भी आम आदमी पार्टी प्रदर्शन करेगी. यह प्रदर्शन दोपहर 12 बजे होगा.
