नई दिल्ली। देश में कोविड-19 के 35,178 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,22,85,857 हो गई, वहीं राष्ट्रीय स्तर पर कोविड-19 मरीजों के ठीक होने की दर 97.52 प्रतिशत दर्ज की गई, जो मार्च 2020 के बाद सबसे अधिक है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
बुधवार सुबह 8 बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के मुताबिक संक्रमण से 440 मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 4,32,519 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 3,67,415 रह गई है, जो 148 दिनों में सबसे कम है। यह संक्रमण के कुल मामलों का 1.14 प्रतिशत है, जो मार्च 2020 के बाद सबसे कम है। पिछले 24 घंटे की अवधि में इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या में 2,431 की कमी आई।
