सना खान ने मौलाना मुफ्ती अनस खान से शादी का ऐलान सोशल मीडिया पर कर दिया है. उन्होंने अनस संग अपनी शादी की फोटो शेयर की है. हाल ही में दोनों की शादी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. बताया जा रहा है कि सना और अनस ने 20 नवम्बर को शादी की थी.

सना ने इंस्टाग्राम पर अपने शौहर संग फोटो शेयर की है. फोटो में अनस सफेद शेरवानी पहने हैं. वहीं सना खान खुद लाल जोड़े में सजी बैठी हैं. उन्होंने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ''अल्लाह के लिए एक दूसरे से प्यार किया, अल्लाह के लिए शादी कर ली, इस दुनिया में अल्लाह हमें साथ रखें और जन्नत में दोबारा मिलाये.''


सना खान ने व्हाइट वेडिंग ड्रेस पहनी हुई है, वहीं मुफ्ती अनस ने भी व्हाइट रंग की शेरवानी पहनी हुई है. उनके फैंस मुफ्ती अनस खान और सना खान को मुबारकबाद दे रहे हैं. साथ ही लोग इस अचानक हुई शादी से हैरान भी हैं.

फैंस यह जानने की ख्वाहिश रखते हैं कि आखिर मुफ्ती अनस और सना खान आपस में कैसे मिले? स्पॉटबॉय की खबर के मुताबिक, सना खान को मुफ्ती अनस खान से बिग बॉस फेम एजाज खान ने मिलवाया था.

बता दें कि पिछले दिनों बॉलीवुड छोड़ने का ऐलान करते हुए सना खान ने एक लंबी चौड़ी पोस्ट लिखी थी. उन्होंने लिखा था कि मैंने अपने मजहब में तलाश किया तो मुझे पता चला कि दुनिया की यह जिंदगी असल में मरने के बाद की जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए है और वो इसी सूरत में बेहतर होगी जब बंदा अपने पैदा करने वाले के हुक्म के मुताबिक जिंदगी गुजारे और सिर्फ दौलत व शोहरत को अपना मकसद न बनाए.
बल्कि गुनाह की जिंदगी से बच कर इंसानियत की खिदमत करे और अपने पैदा करने वाले के बताए हुए तरीके पर चले. इसलिए मैं आज यह ऐलान करती हूं कि आज से मैं अपनी शोबिज की जिंदगी छोड़कर इंसानियत की खिदमत और अपने पैदा करने वाले के हुक्म पर चलने का पक्का इरादा करती हूं.

सना ने आगे लिखा था कि तमाम भाइयों और बहनों से दरख्वास्त है कि आप मेरे लिए दुआ करें कि अल्लाह तआला मेरी दुआ कुबूल फरमाए और आइंदा मेरे अज़्म यानी अपने खालिक के हुक्म के मुताबिक और इंसानियत की खिदमत करते हुए जिंदगी गुजारने की तौफीक अता फरमाए. और मुझे शोबिज के लिए आइंदा दावत न दी जाए.
