जयपुर। बदले मौसम के बीच राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित अनेक जिले मंगलवार दोपहर को आंधी की चपेट में आए, जहां 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा रफ्तार की धूलभरी हवाएं चल रही हैं। वहीं बीते 24 घंटे में चुरू में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि इस शहर में मार्च महीने का अब तक का रिकॉर्ड तापमान है।
मंगलवार दोपहर बाद आई आंधी ने राजधानी जयपुर सहित जैसलमेर, बीकानेर व जोधपुर सहित अनेक जिलों को अपनी आगोश में ले लिया। इससे लोगों को गर्मी से तो थोड़ी राहत मिली लेकिन तेज हवा के साथ उड़ती रेत से लोग खासे परेशान हुए।
इस आंधी से अभी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर, पाली, जयपुर, दौसा, अलवर, सवाई माधोपुर, भरतपुर, धौलपुर जिलों व इन जिलों के आसपास के क्षेत्र में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा रफ्तार की धूलभरी हवाएं/ 50 किलोमीटर प्रति घंटा रफ्तार तक की आंधी जारी रहने की संभावना है।
