Owner/Director : Anita Khare
Contact No. : 9009991052
Sampadak : Shashank Khare
Contact No. : 7987354738
Raipur C.G. 492007
City Office : In Front of Raj Talkies, Block B1, 2nd Floor, Bombey Market GE Road, Raipur C.G. 492001
——
नई दिल्ली: उत्तर भारत के कई हिस्सों में मंगलवार को ठंड बढ़ गई और कई राज्यों में घना कोहरा छाया रहा जबकि दिल्ली में इस मौसम का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, तो वहीं कश्मीर में रात का तापमान शून्य से नीचे चला गया. दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री रहा, यह सामान्य से 3 डिग्री कम है. राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में घना कोहरा छाया रहा. उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर बहुत हल्की बारिश हुई, जबकि हरियाणा और पंजाब में तापमान सामान्य से नीचे चला गया.
हिमाचल प्रदेश में, केलांग और कल्पा में पिछले 24 घंटों में शुष्क मौसम के बावजूद शून्य डिग्री तापमान दर्ज किया गया. बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से बहने वाली बर्फीली हवाओं ने मंगलवार को दिल्ली का पारा 4.1 डिग्री सेल्सियस तक नीचे ला दिया, जो इस मौसम में अब तक का शहर का न्यूनतम तापमान है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अधिकतम तापमान भी गिरकर 18.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे है.
शहर में तापमान के आंकड़े उपलब्ध कराने वाली सफदरजंग वेधशाला के मुताबिक मंगलवार को सुबह न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम था. जाफरपुर में तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने कहा कि आयानगर और लोधी रोड मौसम केन्द्रों में न्यूनतम तापमान क्रमश: चार डिग्री और 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पिछले साल दिसंबर के अंतिम सप्ताह में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया था. मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आगे भी तापमान में गिरावट जारी रहेगी.
बुधवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है और शुक्रवार तक इसके पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है. आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली जैसे छोटे इलाकों में अगर एक दिन के लिए भी तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे या लगातार दो दिन तक सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम रहता है तो शीतलहर की घोषणा की जा सकती है. दिल्ली की वायु गुणवत्ता ''खराब'' श्रेणी में रही. 24 घंटे के दौरान शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 230 रहा. कश्मीर घाटी में रात का तापमान जमाव बिंदु से कम हो गया वहीं प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा.
मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि घाटी के सभी मौसम केंद्रों में तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया. उन्होंने कहा कि उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध स्की-रिजॉर्ट गुलमर्ग में तापमान शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री कम है. उन्होंने कहा कि दक्षिण कश्मीर में पहलगाम रिजॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस और श्रीनगर में शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया. अधिकारियों ने कहा कि घाटी के काजीगुंड में तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जबकि उत्तर में कुपवाड़ा में शून्य से 2.3 डिग्री कम और दक्षिण में कोकरनाग में शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया.
मौसम विभाग ने कहा है कि रात के तापमान में और कमी की संभावना के साथ 21 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है. राजस्थान के चुरू में सोमवार रात न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री रहा जबकि पिलानी में यह 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, बीकानेर में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री, गंगानगर में 6.4 डिग्री, फलौदी में 6.6 डिग्री, सीकर में 7.0 डिग्री, जैसलमेर में 7.4 डिग्री व अलवर में आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, राजधानी जयपुर में यह 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग ने मंगलवार को कहा कि अगले चौबीस घंटों में राज्य में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने का अनुमान है. हिमाचल प्रदेश में, जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया.
किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. मनाली, डलहौजी और कुफरी में न्यूनतम तापमान क्रमश: 0.2, 1.4 और 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. शिमला का न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हरियाणा और पंजाब में तापमान सामान्य सीमा से नीचे चला गया. हरियाणा में, हिसार का न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे चला गया, जहां तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि करनाल में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि, दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य के मुकाबले तीन डिग्री अधिक है, जबकि शहर का दिन का तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा.
उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर ठंड काफी बढ़ गई है. राज्य के कई स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाया रहा. राज्य की राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. महाराष्ट्र में मुंबई और कुछ अन्य हिस्सों में मौसम में नमी में वृद्धि के साथ अधिकतम तापमान में गिरावट के कारण मंगलवार सुबह कोहरा छा गया और हल्की ठंड महसूस हुई. कोहरे की वजह से मुंबई और नासिक के बीच सुबह के समय यातायात आवाजाही धीमी रही, जो वाणिज्यिक वाहनों के लिए सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई, साथ ही मौसम में नमी बढ़ने के कारण मुंबई और नासिक सहित कुछ क्षेत्रों में कोहरा छा गया.
आईएमडी की एक रिपोर्ट के मुताबिक एक तरफ जहां अधिकतम तापमान में गिरावट आई, वहीं मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में भी कई जगहों पर न्यूनतम तापमान में सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई. आईएमडी ने कहा कि कोंकण क्षेत्र और गोवा में भी न्यूनतम तापमान में सामान्य से 3.1 और पांच डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की गई.