नई दिल्ली: सोनाली बेंद्रे इन दिनों मेटास्टेटिक कैंसर से जूझ रही हैं और इसके इलाज के लिए न्यूयॉर्क में हैं. लेकिन इस भयानक बीमारी से जूझते हुए भी सोनाली ने अपने अंदर की सकारात्मकता को खत्म नहीं होने दिया है. जहां उन्होंने अपने कैंसर होने की बात का खुलासा बेहद सकारात्मक नोट के साथ किया था, तो अब कुछ देर पहले ही सोनाली बेंद्रे ने अपना एक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है. अपनी खूबसूरत मुस्कान के लिए 'चलता फिरता ताजमहल' जैसे प्रमिमान पाने वाली सोनाली की खूबसूरती के लाखों फैन हैं और उनकी खूबसूरती में उनके बालों की खूब तारीफ की जाती है. लेकिन सोनाली ने अपने इन खूबसूरत बालों को कटवाने का एक वीडियो शेयर किया है.
::/introtext::::fulltext::
अपने इस वीडियो को शेयर करते हुए सोनाली ने लिखा, 'अपनी सबसे पसंदीदा लेखिका इसाबेल के शब्दों में कहूं तो हमें जब तक अपनी अंदरूनी ताकत को बाहर निकालने के लिए मजबूर नहीं किया जाता, तब तक हम समझ ही नहीं पाते कि हम कितने शक्तिशाली हैं. हर दुख में, युद्ध या जरूरत के समय लोग शानदार चीजें करते हैं.' सोनाली ने आगे लिखा, 'पिछले कुछ दिनों में आपसे जो मुझे प्यार मिला है उसने मुझे अभिभूत कर दिया है.. और मैं उनकी सबसे ज्यादा आभारी हूं, जिन्होंने इस दौरान मुझे कैंसर से जूझने के अपने और अपने प्रियजनों के अनुभव और कहानियां साझा की हैं. इस कहानियों ने मुझे और भी हिम्मत और ताकत दी है और सबसे जरूरी बात की मुझे यह एहसास दिलाया है कि मैं अकेली नहीं हूं..'
उन्होंने लिखा, 'हर दिन एक नई चुनौती और एक नई जीत के साथ आता है और इसलिए मैं हर दिन की चुनौती से हर दिन निपट रही हूं. एक चीज जिसे में लगातार कायम रखने की कोशिश कर रही हूं, वह है साकारात्मक दृष्टिकोण. इससे निपटने का मेरा यही तरीका है. ऐसे में अपने सफर को आपके साथ साझा करना भी इसी प्रक्रिया का एक हिस्सा है. मैं उम्मीद करती हूं कि यह आपको एहसास दिलाए कि सब कुछ खत्म नहीं हुआ है और कहीं, कोई यह समझता है कि आप किस से गुजर रहे हैं.'
बेंद्रे ने कहा कि वह खुश हैं कि इस मुश्किल समय में अकेली नहीं हैं. पिछले सप्ताह अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सोनाली बेंद्रे ने खुद को कैंसर होने की जानकारी दी थी.
::/fulltext::