मेसी : ये टीमें हैं विश्वचैंपियन बनने की प्रबल दावेदार…
::/introtext::::fulltext::
ब्रोनित्सी 13 जून 2018. अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने कहा है कि उनका अंतरराष्ट्रीय भविष्य रूस में होने वाले विश्व कप में उनके देश के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। मेसी ने स्पेन के दैनिक स्पोर्ट को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘यह इस पर निर्भर करेगा कि हम कितना आगे तक जाते हैं, हम टूर्नामेंट को कैसे खत्म करते हैं।’ स्पेनिश क्लब बार्सीलोना के लिए खेलने वाले फॉरवर्ड ने कहा, ‘हम लगातार तीन फाइनल गंवा चुके हैं जिसके कारण मीडिया के साथ हमें कुछ मुश्किल हालात का सामना करना पड़ा है।’ उन्होंने कहा, ‘विशेषकर अर्जेंटीना की मीडिया के साथ क्योंकि इन तीन फाइनल में जगह बनाना क्या मायने रखता है इसे लेकर हमारे नजरिये में मतभेद है।’
अर्जेन्टीना की टीम 2014 विश्व कप फाइनल में जर्मनी के खिलाफ अतिरिक्त समय के बाद 1-0 से हार गई थी। इसके बाद टीम को 2015 और 2016 के कोपा अमेरिका टूर्नामेंट के फाइनल में चिली के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में भी हार का सामना करना पड़ा। विश्व कप के दौरान 31 बरस के होने वाले मेसी का मानना है कि स्पेन, ब्राजील, जर्मनी, फ्रांस और बेल्जियम इस बार विश्व चैंपियन बनने के प्रबल दावेदार हैं। अर्जेन्टीना की टीम विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत मॉस्को में शनिवार 16 जून को आइसलैंड के खिलाफ करेगी जबकि इसके बाद ग्रुप डी के अन्य मैचों में उसे क्रोएशिया और नाइजीरिया से भिड़ना है।
::/fulltext::