भारत के कप्तान विराट कोहली ने मंगलवार को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में इतिहास रच दिया।....
::/introtext::::fulltext::
भारत के कप्तान विराट कोहली ने मंगलवार को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में इतिहास रच दिया। विराट ने अपने कीर्तिमानों के ताज में एक और नगीना जोड़ते हुए यहां विश्व रिकॉर्ड बना दिया। 29 वर्षीय विराट ने जैसे ही इस पारी में आठ रन बनाए, उनके अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 2000 रन पूरे हो गए। विराट ने अपने 60वें मैच की 56वीं पारी में इस मंजिल को हासिल किया और वे दुनिया में सबसे तेजी से 2000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए। विराट ने डेविड विली द्वारा डाले गए पारी के 16वें ओवर की अंतिम गेंद पर सिंगल रन लेते हुए स्कोर को 8 तक पहुंचाया और यह उपलब्धि हासिल की।
इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मॅक्कुलम के नाम दर्ज था। मॅक्कुलम ने 67वें मैच की 66वीं पारी में इस उपलब्धि को हासिल किया था। न्यूजीलैंड के ही मार्टिन गप्टिल 68 पारियों में इस मंजिल तक पहुंचे थे। विराट इस मैच से पहले तक 59 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों की 55 पारियों में 48.58 की औसत से 1992 रन बना चुके थे। उनका सर्वाधिक स्कोर 90 रन था, जो उन्होंने 26 जनवरी 2016 को एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था।
अंतरराष्ट्रीय टी20 में 2000 रन पूरे करने वाले चौथे बल्लेबाज :
विराट इसी के साथ अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 2000 रन पूरे करने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज बने। उनसे पहले न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल (2271) और ब्रेंडन मॅक्कुलम (2140) और पाकिस्तान के शोएब मलिक (2039) इस समूह में शामिल हो चुके हैं। अब उनके नाम 56 पारियों में 49.07 की औसत से 2012 रन दर्ज हो चुके हैं।
::/fulltext::