मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने दी बधाई : स्वास्थ्य के क्षेत्र में दो राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित हुआ छत्तीसगढ़.....
::fulltext::
रायपुर - मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में शानदार प्रदर्शन और मातृ मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी लाने पर आज केन्द्र सरकार से मिले दो राष्ट्रीय पुरस्कारों पर प्रसन्नता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इन पुरस्कारों के लिए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री अजय चंद्राकर सहित उनके विभाग के सभी मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों तथा प्रदेशवासियों को बधाई दी है। ये पुरस्कार आज नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा के हाथों छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्री अजय चंद्राकर ने ग्रहण किए।
डॉ. रमन सिंह ने खुशी प्रकट करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत महिलाओं की प्रसव पूर्व स्वास्थ्य जांच और जोखिम वाली गर्भवती माताओं के विशेष उपचार के साथ उनके सुरक्षित प्रसव के लिए सरकारी अस्पतालों में अच्छी व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत राज्य में अब तक चार लाख 19 हजार गर्भवती माताओं को लाभान्वित किया गया है। इस योजना के लिए 258 निजी संस्थाओं का भी पंजीयन किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा-राज्य में मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए आंगनबाड़ी केन्द्रों के स्तर पर पौष्टिक आहार वितरण के साथ-साथ गर्भवती माताओं को महतारी जतन योजना के तहत पौष्टिक भोजन भी दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा-यह उपलब्धि निश्चित रूप से सराहनीय है कि छत्तीसगढ़ में वर्ष 2011 से 2013 की एसआरएस रिपोर्ट के अनुसार मातृ मृत्यु दर प्रति एक लाख प्रसव पर 221 से घटकर 173 रह गई है। इसी तरह शिशु मृत्यु दर जो वर्ष 2003 में प्रति एक हजार जीवित जन्म पर 70 थी, वह वर्ष 2017 में घटकर 39 रह गई है।
::/fulltext::