आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि बच्चों को आई फ्लू की चपेट में आने से कैसे बचाएं और आई फ्लू होने पर क्या करें ?

एक्सपर्ट की मानें तो इस बार हर जगह बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भारी बारिश के साथ बाढ़ भी आई है। इस कारण हाइजीन कम हो जाता है। बहुत से लोगों की इम्युनिटी कम हो जाती है। ऐसे में यह इन्फेक्शन फैलने लगता है। यहीं वजह है कि हर दूसरा व्यक्ति आई फ्लू की चपेट में आ रहा है।
डॉक्टरों के मुताबिक आई फ्लू देखने से नहीं, छूने से फैलता है। हाथ में वायरस चिपक जाता है और जब आप आंखों को छुएंगे या कीचड़ साफ करेंगे तो आई फ्लू फैल जाता है। डॉक्टर का कहना है कि इस बार देखा जा रहा है कि बच्चों में आई फ्लू ज्यादा फैल रहा है क्योंकि स्कूल में बच्चे साथ में रहते हैं, साथ में खेलते हैं।
जयपुर स्थित पेंगुइन पीडियाट्रिक केयर क्लिनिक के सीनियर डॉक्टर विवेक शर्मा बताते है कि संक्रमित व्यक्ति के खांसी के दौरान छींकने से भी संक्रमण फैल सकता है। ऐसे में अपने हाथों को नियमित रूप से साबुन से साफ करते रहें। आंखों की सफाई का पूरा ध्यान रखें। ठंडे पानी से हाथ बार-बार धोएं। किसी भी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से बचें। अगर संक्रमित आंख को छुए तो हाथ अच्छे से साफ करें। गंदगी और भीड़भाड़ वाली जगह पर जाने से बचें। संक्रमित व्यक्ति से हाथ ना मिलाएं और उनकी चीजें जैसे चश्मा, तौलिया, तकिया आदि न छुएं।
अगर आई फ्लू हो जाए तो क्या करें
- अपनी आंखों को बार-बार ठंडे पानी से धोएं
- अगर धोना नहीं चाहते हैं तो रूई को गीला कर आंखों पर रखें
- किसी भी तरह का चश्मा पहनें, जिससे आप अपनी आंखों को न छुएं
- आई फ्लू देखने से नहीं फैलता, छूने से ही फैल सकता है
- साफ-सफाई का ख्याल रखें
- व्यक्तिगत सामान जैसे तौलिया, रूमाल अलग रखें
