IPL 2018 Final : चेन्नई का आज हैदराबाद से मुकाबला, चुनौती बनेंगे राशिद खान!.....
::/introtext::::fulltext::
IPL Final, CSK vs SRH: आईपीएल 2018 अब निर्णायक दौर में है.फाइनल मुकाबले में आज आईपीएल के मौजूदा सत्र की दो सर्वश्रेष्ठ टीमें चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगी.
खास बातें
- नौ प्रयासों में सातवीं बार फाइनल में पहुंची है चेन्नई
- दोनों ग्रुप मैचों में सनराइजस पर हासिल की है जीत
- क्वालिफायर1 ने सनराइजर्स को हराया था चेन्नई ने
मुंबई: CSK vs SRH: आईपीएल 2018 अब निर्णायक दौर में है.फाइनल मुकाबले में आज आईपीएल के मौजूदा सत्र की दो सर्वश्रेष्ठ टीमें चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगी. इस खिताबी मुकाबले में दर्शकों को बल्ले और गेंद की बेहतरीन जंग देखने को मिलेगी. वानखेड़े स्टेडियम पर यह मुकाबला चेन्नई की बल्लेबाजी और सनराजइर्स की गेंदबाजी का होगा. तीसरी बार खिताब जीतने की कोशिश में जुटी चेन्नई 2016 की चैम्पियन सनराइजर्स से पहले क्वालीफायर मुकाबले के पांच दिन बाद खेलेगी. दोनों टीमें 22 मई को पहले क्वालीफायर में आमने-सामने थी जिसमें 2010 और 2011 की चैम्पियन चेन्नई ने दो विकेट से जीत दर्ज करके फाइनल में जगह बनाई थी.चेन्नई का नौ प्रयासों में यह सातवां फाइनल होगा. इस साल उसने दोनों ग्रुप मैचों में भी सनराइजर्स को हराया है.
सनराइजर्स को दूसरे क्वालीफायर में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना उसी के मैदान ईडन गार्डंस पर करना पड़ा जिसमें उसने कल 13 रन से जीत दर्ज की. चेन्नई को दो मैचों के बीच चार दिन का ब्रेक मिला है जबकि सनराइजर्स को कोलकाता से यहां आकर थकान को भुलाकर खेलना होगा. सनराइजर्स का सात दिन में यह तीसरा मैच है लिहाजा थकान का मसला होगा. अफगानिस्तान क्रिकेट के ‘वंडर ब्वाय’ राशिद खान ने पहले क्वालीफायर में चेन्नई को परेशान करके 11 रन देकर दो विकेट लिए थे. उसने केकेआर के खिलाफ 10 गेंद में 34 रन बनाने के अलावा तीन विकेट लिए, दो कैच लपके और एक रन आउट किया. आज के मैच में भी सनराइजर्स के समर्थकों को अपने ट्रंप कार्ड राशिद खान से ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी. चेन्नई की बात करें तो उसके लिए पहले क्वालीफायर में फाफ डु प्लेसिस ने नाबाद 67 रन बनाकर अकेले दम पर जीत दिलाई थी. सैम बिलिंग्स के चोटिल होने के कारण उन्हें खेलने का मौका मिला और उन्होंने इसे बखूबी भुनाया. चेन्नई को सनराइजर्स के हरफनमौला कार्लोस ब्रेथवेट पर भी अंकुश लगाना होगा जो टी20 वर्ल्डकप 2016 में वेस्टइंडीज की खिताबी जीत का सूत्रधार था. उसने केकेआर के खिलाफ डेथ ओवरों में उम्दा बल्लेबाजी की और चेन्नई के खिलाफ नाबाद 43 रन बनाए थे. दूसरी ओर सनराइजर्स को कप्तान केन विलियमसन से उसी प्रदर्शन की उम्मीद होगी जो उन्होंने लीग चरण में किया, वहीं शिखर धवन को भी अच्छी शुरुआत देनी होगी. चेन्नई के पास शेन वाटसन, सुरेश रैना और अंबाती रायुडू जैसे फार्म में चल रहे बल्लेबाज है जबकि कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी फिनिशर की भूमिका निभाई है. डुप्लेसिस का खेलना तय है और रवींद्र जडेजा भी निचले क्रम पर उपयोगी बल्लेबाज हैं.
वीडियो: सनराइजर्स को हराकर चेन्नई सुपरकिंग्स फाइनल मेंदोनों टीमें इन खिलाड़ियों में से चुनी जाएंगी...
चेन्नई सुपरकिंग्स: एमएस धोनी (कप्तान), शेन वॉटसन, फाफ डुप्लेसिस, सुरेश रैना, अंबाती रायुडू, ड्वेन ब्रावो, रवींद्र जडेजा, दीपक चाहर, हरभजन सिंह, शारदुल ठाकुर, लुंगी एंगिडी, मुरली विजय, सैम बिलिंग्स, इमरान ताहिर, कर्ण शर्मा, डेविड विली, केएमआसिफ, कनिष्क सेठ, ध्रुव शौरी, क्षितिज शर्मा, मोनू कुमार और चैतन्य बिश्नोई.
