Owner/Director : Anita Khare
Contact No. : 9009991052
Sampadak : Shashank Khare
Contact No. : 7987354738
Raipur C.G. 492007
City Office : In Front of Raj Talkies, Block B1, 2nd Floor, Bombey Market GE Road, Raipur C.G. 492001
——
रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए अच्छी खबर आ गई है। तन और मन को भिगोने वाले बादलों का बस्तर प्रवेश हो चुका है। बस्तर की हरी-भरी वादियों ने मानसून का स्वागत भी कर लिया है। मानसून ने दस्तक देते ही बता दिया है कि गुरुवार और शुक्रवार को बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर में बादल जमकर बरसने वाले हैं। अब मानसून का स्वागत करने रायपुर और अंबिकापुर बेताब हो रहे हैं। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने ग्लिब्स.इन को बताया है कि रायपुर और अंबिकापुर में भी अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। चंद्रा ने कहा कि बस्तर संभाग में मानसून आमतौर पर 15 जून को पहुंचता है। इस बार इसके 10 जून को पहुंचने की संभावना थी, लेकिन 1 दिन देर से 11 जून को मानसून ने बस्तर में प्रवेश किया है। इसी तरह अब सिस्टमों के अनुसार अगले 48 घंटे में छत्तीसगढ़ के कुछ और भागों में मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। मतलब बारिश के आसार हैं। उन्होंने कहा कि गुरुवार और शुक्रवार बस्तर, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा में भारी बारिश के आसार हैं। इसी तरह 15 जून को रायपुर और 21 जून को सरगुजा (अंबिकापुर) में मानसून के प्रवेश की संभावना है। बहरहाल इस लिहाज से माने तो अब दोनों जिलों के लोगों को और अधिक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जल्द आएंगे यहां भी तन और मन को भिगोने वाले कारे बादल। उन्होंने कहा है कि रायपुर में रात में बारिश के आसार हैं।
मौसम विज्ञानी चंद्रा ने कहा कि एक निम्न दाब का क्षेत्र पश्चिम मध्य और उत्तर मध्य बंगाल की खाड़ी में स्थित है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा दक्षिण छत्तीसगढ़ में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। एक द्रोणिका पाकिस्तान से पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई पर उत्तर राजस्थान, उत्तर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा होते हुए गुजर रही है। इन मौसमी तंत्र को देखते हुए छत्तीसगढ़ के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने की भी संभावना है। उल्लेखनीय है कि बस्तर में मानसून की दस्तक के साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। बस्तर के कई इलाकों में बारिश हो रही है तो यहां राजधानी में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान शुरू हो चुका है।