Owner/Director : Anita Khare
Contact No. : 9009991052
Sampadak : Shashank Khare
Contact No. : 7987354738
Raipur C.G. 492007
City Office : In Front of Raj Talkies, Block B1, 2nd Floor, Bombey Market GE Road, Raipur C.G. 492001
——
देश में भारी बारिश और बाढ़ के कारण कई राज्यों में तबाही से हाहाकार मचा हुआ है। केरल के बाद अब पहाड़ी राज्यों हिमाचल और उत्तराखंड में हालात बेकाबू हो गए हैं। भारी बारिश और बाढ़ से सात राज्यों में अब तक 774 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

गृह मंत्रालय के मुताबिक, मानसून के इस मौसम में सात राज्यों में बाढ़ और बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 774 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, नगालैंड और अरुणाचल प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

एनईआरसी के मुताबिक, बाढ़ और बारिश के कारण केरल में 187, उत्तर प्रदेश में 171, पश्चिम बंगाल में 170 और महाराष्ट्र में 139 लोगों की जान गई है, जबकि गुजरात में 52, असम में 45 और नगालैंड में आठ लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा केरल में 22 और पश्चिम बंगाल में पांच लोग लापता भी बताए जा रहे हैं।

बारिश और बाढ़ की विभीषिका से महाराष्ट्र के 26, असम के 23, पश्चिम बंगाल के 22, केरल के 14, उत्तर प्रदेश के 12, नगालैंड के 11 और गुजरात के 10 जिले सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। असम में एनडीआरएफ की 15, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में आठ-आठ, गुजरात में सात, केरल में 4, महाराष्ट्र में चार और नगालैंड में एक टीम को तैनात किया गया है।
![]()
केरल में बाढ़ का कहर जारी है। करीब 36000 लोग विस्थापित हो गए हैं। भारी बारिश के बाद भूस्खलन और उफनते हुए जलाशयों ने हालात खराब कर दिए हैं। राहत और बचाव कार्य में जारी है। रविवार को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में केरल में इस तरह की बाढ़ कभी नहीं आई है। मुख्यमंत्री पी. विजयन का कहना है कि बारिश से 8316 करोड़ की संपत्ति का नुकसान हुआ है, जबकि 10 हजार किमी से ज्यादा सड़कें बर्बाद हो गई हैं। सोमवार को सभी स्कूल कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की गई है।

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। राजधानी शिमला में भारी बारिश हो रही है। वहीं, मंडी में भी बारिश और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। बारिश और भूस्खलन के चलते प्रशासन ने शिमला और मंडी के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद करने का ऐलान किया है। राज्य के मध्यम और निम्न पहाड़ी इलाकों के दूरदराज स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई है। हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा और ऊना में भी शनिवार से भारी बारिश हो रही है।
![]()
उत्तराखंड भी बारिश से बेहाल है। राज्य के हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुड़की और नैनीताल में भारी बारिश हुई है। बारिश की वजह से राजधानी देहरादून में 12वीं तक के स्कूलों को बंद कर दिया गया है। रविवार रात लामबगड़ में भारी बारिश के बाद भूस्खलन होने से चट्टान का एक हिस्सा सड़क पर गिर गया, जिसके बाद बदरीनाथ नेशनल हाइवे पर यातायात रोक दिया गया। हरिद्वार में गंगा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई।

जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश की वजह से लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। रविवार को जम्मू से करीब 12 किलोमीटर दूर मछलियान गांव में भारी बारिश के बाद बाढ़ की वजह से एक घर की दीवार गिर गई।
ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है। बारिश के कारण तटीय और दक्षिणी क्षेत्रों में पानी भर गया है। भारी जलजमाव के कारण सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। मलकानगिरी, कोरापुट, नबरंगपुर, नुआपाड़ा, बोलनगीर, कालाहांडी और कंधमाल सहित अन्य इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में वर्षाजनित हादसों में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। बस्ती में रविवार को हुए हादसों में तीन और कन्नौज में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके अलावा मुजफ्फरनगर में शनिवार को एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी। बारिश के कारण प्रदेश में कम से कम 111 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें भदोही में स्थित 74 और फर्रुखाबाद में 25 मकान शामिल हैं। प्रदेश के अनेक हिस्से मानसूनी बारिश से तरबतर रहे।