रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश के मौसम में एक बार फिर से बदलाव होने वाला है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले चार दिनों में फिर से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाने के साथ ही हल्की वर्षा भी होगी। मौसम में यह बदलाव आठ जनवरी से होगा। हालांकि चार और पांच जनवरी को मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। सोमवार सुबह से ही राजधानी रायपुर सहित प्रदेश भर का मौसम शुष्क रहा। दोपहर को धूप रही और शाम होते ही मौसम में थोड़ी ठंडकता बढ़ गई। रायपुर का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया
प्रदेश में अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अभी न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव के संकेत नहीं है। हालांकि नौ दिसंबर तक अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि और न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी के आसार है। इन दिनों ऐसा देखा जा रहा है कि शाम होते ही मौसम में ठंडकता बढ़ जाती है। इसके चलते ऊलन बाजार में भी भीड़ थोड़ी बढ़ने लगी है।
यह बन रहा सिस्टम
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में इन दिनों हवा की दिशा में बदलाव होने की संभावना है। इसके चलते ही छह जनवरी को प्रदेश में आंशिक नमी युक्त दक्षिण पूर्व से हवाएं आनी शुरू होगी। इसके चलते ही प्रदेश में आंशिक रूप से बादल छाएंगे और आठ जनवरी को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की वर्षा होने के आसार है।