क्रूज पर ड्रग्स पार्टी मामले में फंसे आर्यन खान की जमानत अर्जी पर शुक्रवार को मुंबई की अदालत में सुनवाई होनी है......
मुंबई तट के पास क्रूज में ड्रग्स पार्टी मामले में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) के बेटे आर्यन खान (Aryan Khan), अरबाज मर्चेंट और मूनमून धमेचा की जमानत अर्जी पर जल्द सुनवाई शुरू होने वाली है. अतिरिक्त मुख्य महानगर दंडाधिकारी आर एम नेरलेकर जमानत अर्जी सुनेंगे. वहीं, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने इस मामले में एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है. उसके पास से ड्रग्स के 40 टेबलेट्स मिले हैं.
इससे पहले, मुंबई की एक अदालत ने आर्यन खान और सात अन्य आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था. एनसीबी ने आरोपियों की एनसीबी हिरासत अवधि बढ़ाए जाने का अनुरोध किया. हालांकि, अदालत ने इसकी अनुमति नहीं दी.
बता दें कि गोवा जा रहे क्रूज पर तीन अक्टूबर को की गई छापेमारी के दौरान आर्यन खान, मुनमुन धमेचा और अरबाज मर्जेंट को एनसीबी ने गिरफ्तार किया था जबकि बाकी पांच अन्य आरोपियों को अगले दिन गिरफ्तार किया गया था. आरोपियों से पूछताछ के आधार पर एनसीबी ने ड्रग पैडलर समेत अन्य लोगों को पकड़ा है.
वहीं, इस मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता नवाब मलिक ने गुरुवार को चौंका देने वाला बयान दिया. उन्होंने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की कार्रवाई पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि रेड के दौरान भाजपा नेता के एक रिश्तेदार को भी हिरासत में लिया गया था और बाद उसे रिहा कर दिया गया. उन्होंने कहा कि वे इसका सबूत कल सबके सामने लाएंगे.

