- अन्य राज्य
- Posted On
मनीष सिसोदिया पेशी के लिए राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंचे, आज खत्म हो रही है सीबीआई रिमांड
अपनी गिरफ्तारी के एक दिन बाद मनीष सिसोदिया ( Manish Sisodia) ने सीबीआई के कदम को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. इस पर अदालत ने उनसे कहा कि उन्हें उच्च न्यायालय जाना चाहिए था, जिसके बाद सिसोदिया ने अपना आवेदन वापस ले लिया.....
नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) अपनी जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए सीबीआई कोर्ट पहुंच गए हैं. CBI ने मनीष सिसोदिया को कोर्ट में पेश किया. विशेष सीबीआई कोर्ट एमके नागपाल की कोर्ट में पेशी हुई है. मनीष सिसोदिया की तरफ से वरिष्ठ वकील दयनकृष्णन और सिद्धार्थ अग्रवाल कोर्ट में पेश हुए. जमानत याचिका पर सुनवाई चल रही है. सीबीआई ने मनीष सिसोदिया की फिर से 3 दिन की रिमांड मांगी है. कोर्ट से कहा कि सिसोदिया जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं.
सीबीआई ने कोर्ट से कहा कि गवाहों के सामने सिसोदिया को बिठाकर पूछताछ करनी है. कुछ दिल्ली सरकार के अफसरों के साथ बिठाकर पूछताछ की गई है. साजिश कि जांच करनी है. कुछ डिजिटल एविडेंस हैं, उन्हें रखकर पूछताछ करनी है. जज ने सीबीआई से केस डायरी मांगी और पूछा कितने घंटे पूछताछ की है? सीबीआई ने कहा कि एक दवा के चक्कर में हमारा एक दिन खराब हुआ. सिसोदिया ने उस दवा की मांग की थी.
सिसोदिया के वकील ने कहा की जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं ऐसा कहकर रिमांड देने का ग्राउंड नहीं हो सकता. सीबीआई ने कोर्ट को जानकारी दी कि पूरे पूछताछ की रिकॉर्डिंग सीडी में है. उसे कोर्ट में दिखा नहीं सकते. सीबीआई ने कोर्ट में जानकारी दी कि रोजाना रात 8 बजे तक पूछताछ होती है. एक दिन पूरा सुप्रीम कोर्ट में चला गया. सीबीआई ने कहा कि कुछ दस्तावेज मिसिंग है, जिनको बरामद करना है.
दिल्ली शराब नीति मामले में आरोपी आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के नेता फिलहाल सीबीआई हिरासत में हैं. इसी मामले में मनीष सिसोदिया ने जमानत के लिए आवेदन किया है. पूर्व उपमुख्यमंत्री राष्ट्रीय राजधानी के लिए एक शराब नीति तैयार करने में भ्रष्टाचार के आरोप का सामना कर रहे हैं. इस शराब नीति को दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना द्वारा केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जांच का आदेश देने के बाद रद्द कर दिया गया था.
51 वर्षीय मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने रविवार शाम को 2021-22 के लिए रद्द की गई शराब नीति के निर्माण और कार्यान्वयन में कथित भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया था. वहीं दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे सत्येंद्र जैन फिलहाल मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में तिहाड़ जेल में हैं. उन्होंने मंगलवार को दिल्ली कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया.
अपनी गिरफ्तारी के एक दिन बाद सिसोदिया ने सीबीआई के कदम को सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) में चुनौती दी थी. इस पर अदालत ने उनसे कहा कि उन्हें उच्च न्यायालय जाना चाहिए था, जिसके बाद सिसोदिया ने अपना आवेदन वापस ले लिया और कहा कि वह निचली अदालत में जाएंगे.