937::/cck::
छत्तीसगढ़ : राहुल गांधी के रोड शो को प्रशासन ने अभी तक नहीं दी अनुमति.....
::/introtext::
::fulltext::कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थलों का हुआ चयन
रायुपर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के 17 मई से होने वाले छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थलों का चयन हो गया है। रायपुर के इनडोर स्टेडियम में राहुल गांधी का कार्यक्रम होगा। वहीं दुर्ग में मानस भवन के नजदीक स्टेडियम का चयन किया गया है। हालांकि दुर्ग से लेकर रायपुर तक होने वाले रोड शो के रूट को लेकर पेंच फंस गया है। कांग्रेस की ओर से तय रूट को प्रशासन ने अभी तक अनुमति नहीं प्रदान की है।
- राहुल गांधी के दुर्ग से रायपुर एयरपोर्ट तक रोड शो के लिए तय रूट को अबतक प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है। कांग्रेस ने दुर्ग से टाटीबंध, एम्स, राजकुमार कॉलेज और जयस्तंभ चौक होते हुए एयरपोर्ट तक का रूट तय किया है।
- वहीं प्रशासन कि ओर से रायपुर में टाटीबंध से दूसरे रूट से रोड शो निकालने की बात कही गई है, लेकिन कांग्रेस तय रूट से ही रोड शो निकालने पर अड़ी है। कांग्रेस ने प्रशासन पर उसके कार्यक्रमों में बाधा डालने का आरोप भी लगाया है।
- उधर, बिलासपुर में बहतरई स्टेडियम के लिए कांग्रेस ने आवेदन दिया था, जो कि मंजूर हो गया है। जबकि राहुल गांधी की पेंड्रा में सभा कोटमी के मैदान में होगी। बता दें कि पेंड्रा में राहुल गांधी की सभा को लेकर पहले से ही शब्दों के बाण चलने शुरू हो चुके हैं।
हमने सूचना दे दी है, अनुमति देना प्रशासन का काम है
- प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि न यह कोई रैली है, न सभा है और न ही कोई प्रदर्शन है। राहुल गांधी सड़क मार्ग से होते हुए एयरपोर्ट जाएंगे। इसी बीच कांग्रेस के कार्यकर्ता, समाजसेवी संगठन और अन्य लोग उनका स्वागत करेंगे।
- चूंकि राहुल गांधी देश के प्रमुख विपक्षी दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, उन्हें उच्च स्तरीय सुरक्षा प्राप्त है, इसलिए प्रशासन को सूचना देना हमारी जिम्मेदारी है। हमारा कार्यक्रम यथावत है और अनुमति देना या न देना प्रशासन का काम है।
रूट पर सवा साल से है प्रतिबंध
- उधर, एसपी सिटी विजय अग्रवाल का कहना है कि पिछले सवा साल से यह रूट रैली, रोड शो, धरना-प्रदर्शन के लिए पूरी तरह से प्रतिबंधित है। यही कारण है कि इस दौरान लगभग 700 से 800 रैलियों का रूट बदला गया है।
यह कांग्रेस के नेताओं को भी पता है और इस रूट पर इस तरह के किसी भी तरह के आयोजन की अनुमति नहीं दी जा सकती है। अगर वो चाहें तो जो रूट प्रतिबंधित नहीं है, वहां से रोड शो निकाल सकते हैं।
जोगी कांग्रेस ने बोला हमला
-राहुल गांधी के पेंड्रा दौरे को लेकर जोगी कांग्रेस उनको घेरने में लगी हुई है। वहीं अजीत जोगी ने भी हमला बोला है। जोगी ने कहा है कि राहुल गांधी एक बार नहीं 10 बार पेंड्रा आए उनकी ताकत और लोगों से संबंध कभी खत्म नहीं होने वाला है।
- जोगी ने कहा कि राहुल गांधी को भाजपा से कम जोगी कांग्रेस से ज्यादा डर है। इसलिए पेंड्रा में कार्यक्रम आयोजित कर रहे है। उन्होंने कहा है कि मेरे जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम की भीड़ देख कांग्रेस का अचानक यह कार्यक्रम तय हुआ है। जोगी ने कहा 17 मई को पेंड्रा में उनका भी कार्यक्रम है। अच्छा लगेगा कि दो पार्टी के दो नेता एक ही जगह पर होंगे।
17 मई से शुरू हो रहा है राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ दौरा
-कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ प्रवास पर 17 मई को पहुंच रहे हैं। प्रदेश में कांग्रेस अपनी ताकत का एहसास कराने के लिए दुर्ग से रायपुर तक लंबी यात्रा निकालेगी। जिसमें राहुल गांधी खुली गाड़ी में सवार होंगे। खास बात कि पेंड्रा में होने वाली वन अधिकार सभा में राहुल गांधी के साथ गोंडवाना पार्टी के हीरा सिंह मरकाम भी मंच साझा करेंगे।
- राहुल गांधी पंचायती राज के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद उनका कार्यक्रम सीतापुर विधानसभा में होगा। पेंड्रा में वन अधिकार सभा का आयोजन किया गया है।
- प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राहुल गांधी के दौरे को सफल बनाने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने बताया कि राहुल गांधी 17 तारीख को यहां आएंगे। 17 को ही वे पंचायती राज और सीतापुर के कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनका रात्रि विश्राम बिलासपुर में है।
- दूसरे दिन 18 मई को बिलासपुर के संकल्प प्रशिक्षण शिविर और दुर्ग में संकल्प प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। बघेल ने बताया कि अभी तक 32 विधानसभा में संकल्प शिविर पूरे हो गए हैं। इसके अलावा राहुल गांधी का मेगा रोड शो का आयोजन किया जा रहा है। वरिष्ठ नेताओं के साथ वे दोपहर तीन बजे मेगा रोड शो में शिरकत करेंगे।
- राहुल गांधी इस बरस छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं और पार्टी के नेताओं से रूबरू होंगे। इस दौरान वे चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे और प्रदेश में कांग्रेस संगठन की स्थिति का आकंलन करेंगे।
सरकार के विकास यात्रा के जवाब में कांग्रेस की विकास खोजो यात्रा
- कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि भाजपा सरकार के विकास यात्रा के जवाब में कांग्रेस विकास खोजो यात्रा शुरू करेगी। सरकार की विकास यात्रा 12 मई से शुरू हो रही है वही कांग्रेस की विकास रोको यात्रा 13 मई को दंतेवाड़ा से ही शुरु होगी। इसमें जिला स्तर के स्थानीय जन प्रतिनिधि और नेता बस में बैठकर यात्रा निकालेंगे। यह 13 जून तक चलेगी।
::/fulltext::